जर्जर बारजा गिरने से महिला और युवक घायल, हालत गंभीर
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
कस्बे के पुरानी बाजार रोड स्थित गोलाबाजार मोड़ के सामने शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया।घर का जर्जर बारजा अचानक भरभराकर गिर पड़ा,जिससे कूड़ा फेंकने आई महिला तथा नीचे बैठा युवक गम्भीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।परिजनों व स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उनका उपचार चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी निशा पत्नी जितेंद्र पटवा (35) शुक्रवार की सुबह रोज की तरह घर का कूड़ा फेंकने के लिए बारजे पर आई थी।बताया जाता है कि जैसे ही वह बारजे पर खड़ी हुईं,पुराना व जर्जर बारजा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा।उसी समय मकान के नीचे विष्णु सेठ पुत्र दुर्गा सेठ (22) बैठे हुए थे।बारजा गिरने से महिला सीधे नीचे आ गिरी और उसकी चपेट में आने से विष्णु सेठ भी गम्भीर रुप से घायल हो गए।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।स्थानीय लोगों और परिजनों ने मलबे के बीच से दोनों घायलों को बाहर निकाला,आनन-फानन में कस्बे के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में कई पुराने और जर्जर मकान हैं,जिनकी समय रहते मरम्मत नहीं कराई जाती,जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

















