जौनपुर : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई जुमे की नमाज़
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अदा की गई। मस्जिदों और धर्मस्थलों के पास पुलिस का कड़ा पहरा रहा। पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला और प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में चक्रमण करते रहे। इस दौरान पैगंबर पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में शाहगंज कस्बा समेत क्षेत्र के अन्य बाजारों में मुस्लिमों ने अपनी दुकानें बंद रखकर विरोध जताया।

पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कानपुर में हुए बवाल के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। बता दें कि गुरुवार को धर्म गुरुओं के साथ बैठक करके प्रशासनिक अधिकारियों ने चेताया था कि गड़बड़ी करने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को मस्जिदों और धर्मस्थलों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। शाहगंज कस्बे में दोपहर में पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च भी किया। कस्बे की संवेदनशीलता के मद्देनजर एसडीएम नीतीश कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार चक्रमण करते रहे।

















