जौनपुर : नीमा के तत्वावधान में आयोजित किया गया स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
# आरके हॉस्पिटल एण्ड ब्लड कंपोनेंट सेंटर में किया गया कार्यक्रम
शाहगंज। राजकुमार अश्क तहलका 24×7 नीमा के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पुरानी बाजार स्थित आरके हॉस्पिटल एवं ब्लड कंपोनेंट सेंटर में आयोजित शिविर में 10 यूनिट रक्तदान हुआ। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर ब्लड बैंक के निदेशक डॉ जेपी दूबे ने सम्मानित करते हुए बताया कि रक्तदान रक्तदाता की सेहत के लिए फायदेमंद होता है।
नीमा अध्यक्ष डॉ डीसी तिवारी ने बताया कि देश मे आए दिन सैकड़ों जानें समय पर रक्त नहीं मिलने के कारण चली जाती हैं। ऐसे में समाज को अपने कर्तव्यों के लिए जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 10 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान ब्लड बैंक के निदेशक डॉ जेपी दुबे ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर को किसी तरह का नुकसान नहीं होता बल्कि बहुत सारे फायदे होते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा और रक्तचाप संतुलित रहता है। कैंसर और हार्ट अटैक का खतरा बहुत कम हो जाता है, नई रक्त कोशिकाएं बनती हैं, लीवर स्वस्थ रहता है और मोटापा पर असर पड़ता है। सबसे महत्वपूर्ण यह कि शरीर की रक्त प्रतिरोधक क्षमता लगातार बढ़ती है।
इस दौरान पूर्व अध्यक्ष डॉ सरफुद्दीन, डॉ राजकुमार मिश्रा, डॉ अतुल यादव, डॉ जेपी सेठ, डॉ मनीष, डॉ औन मोहम्मद हाशमी, डॉ बलवंत सिंह, डॉ जयप्रकाश आदि मौजूद रहे।