बेतरतीब वाहन निकालने के चक्कर में लगा जाम, पुलिस नदारत
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
मुख्य चौराहा पर बने पुलिस बूथ पर शनिवार को किसी पुलिसकर्मी के न रहने पर बेतरतीब वाहनों को निकालने के चक्कर में लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। जाम में फंसे वाहनों को निकालने में स्थानीय लोगों को सामने आना पड़ा। यह सिलसिला लगभग एक घंटा तक चलता रहा। दोपहर 12 बजे पुलिस के पहुंचने पर लोगों को जाम से राहत मिली।

सुबह 11 बजे तक यातायात ठीक चल रहा था, तभी पुलिस की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर खुटहन रोड और दीदारगंज रोड से आने जाने वाले वाहन यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते चौराहे पर पहुंच गए। इस बीच जौनपुर-शाहगंज रोड पर चलने वाहन चौराहे पर फंस गए। पहले निकलने के चक्कर में वाहनों का ऐसा जाम लगा कि पैदल निकलना मुश्किल हो गया।

थोड़ी देर में नेशनल हाइवे समेत खुटहन रोड और दीदारगंज रोड पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई। काफी देर तक वाहनों का पहिया थम सा गया। जाम लगा देख स्थानीय लोगों ने एक एक तरफ से वाहनों को निकालने की कोशिश की। लगभग 12 बजे पुलिस के पहुंचने पर यातायात सामान्य रूप से चालू हो सका।

















