दहेज पीड़िता से दोस्ती कर शादी का झांसा, दरोगा निलंबित, गर्भपात और जेवर हड़पने का आरोप

दहेज पीड़िता से दोस्ती कर शादी का झांसा,दरोगा निलंबित,गर्भपात और जेवर हड़पने का आरोप

बरेली। 
तहलका 24×7 
              उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में तैनात एक सब इंस्पेक्टर पर दहेज उत्पीड़न की शिकायत लेकर थाने पहुंची महिला से कथित तौर पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने,गर्भपात कराने,लाखों रुपये के जेवर लेने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दरोगा नरेश बाबू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर मामले की जांच आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा को सौंप दी है।
पीड़िता के अनुसार,वह अपने पति द्वारा दहेज उत्पीड़न और मारपीट की शिकायत लेकर थाना बारादरी पहुंची थी।आरोप है कि मामले की जांच के बहाने दरोगा नरेश बाबू ने उसका मोबाइल नंबर लिया और बाद में उसके घर आने-जाने लगे।महिला का आरोप है कि दरोगा ने पहले सहानुभूति जताई,फिर उसे पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने और अपनी पत्नी को तलाक देकर शादी करने का भरोसा दिया।शिकायत के मुताबिक,दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी महिला को विभिन्न शहरों में लेकर गया।
इस दौरान शादी का भरोसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए गए।महिला का आरोप है कि गर्भवती होने पर आरोपी ने कई बार गर्भपात कराया और बीते 12 मई को जबरन गर्भपात की दवा खिलाई,जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि फरवरी 2026 में आरोपी दरोगा ने अपने बेटे की शादी का हवाला देकर करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर ले लिए।बाद में जेवर वापस मांगने पर टालमटोल की गई और विरोध करने पर धमकियां दी गईं।
महिला का कहना है कि जब भी उसने पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही,आरोपी वर्दी और पुलिस विभाग का भय दिखाकर उसे चुप कराता रहा।अंततः उसने हिम्मत जुटाकर सभी साक्ष्यों के साथ एसएसपी से शिकायत की।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।जांच की जिम्मेदारी आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा को सौंपी गई है।पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Previous article49 साल बाद भी नहीं बचा रिश्वतखोर लेखपाल, 300 रुपये घूस मामले में हाईकोर्ट ने बरकरार रखी एक साल की सजा
Next articleआवारा कुत्तों के झुंड ने मासूम को नोचा, हालत गंभीर
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?