अंबेडकर प्रतिमा खंडित,गांव में तनावभारी पुलिस बल तैनात
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
केराकत क्षेत्र में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया,जब अराजकतत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।घटना बाकुलिया (कुसरना) गांव की है,जहां भोर के समय प्रतिमा की आंख के ऊपरी हिस्से को तोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना पुलिस बूथ से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई,जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया।नाराज लोगों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया,जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हरकत में आया और मौके पर चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई।पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान स्वयं भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले अज्ञात आरोपियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में तनाव बना हुआ है,लेकिन पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास जारी है।

















