नागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट की अफवाह से भगदड़ जैसी स्थिति, कई श्रद्धालु घायल
उज्जैन।
तहलका 24×7
महाकाल मंदिर परिसर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में करंट फैलने की अफवाह के बाद सोमवार को दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।अचानक मची अफरा-तफरी में कई श्रद्धालु घायल हो गए।घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल श्रद्धालुओं की संख्या करीब 13 से 15 बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी थी।इसी दौरान बैरिकेडिंग के भीतर डीपी के पास करंट फैलने की अफवाह तेजी से फैल गई।इससे कतार में खड़े श्रद्धालुओं में अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।इस दौरान कई श्रद्धालु बैरिकेडिंग से टकराकर घायल हो गए।

एक श्रद्धालु के पैरों में गंभीर चोट आने की जानकारी सामने आई है।नागचंद्रेश्वर मंदिर और हरसिद्धि मंदिर आसपास होने के कारण इस मार्ग पर पहले से ही श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव बना हुआ था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।कुछ समय बाद श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था दोबारा सुचारु कर दी गई।प्रशासन की ओर से पूरे घटनाक्रम और करंट की अफवाह के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
















