अज्ञात कारणों से लगी आग में चार रिहायशी छप्पर जला
मुलायम सोनी
खुटहन, जौनपुर।
क्षेत्र के सुतौली गांव में सोमवार की आधी रात को अज्ञात कारणों से लगी आग में चार रिहायशी छप्पर व उसमें रखा पांच हजार नकदी सहित लगभग एक लाख के गृहस्थी का सामान जल कर खाक हो गया। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।गांव निवासी बुड़ारी नाविक के पास आवास के नाम पर सिर्फ चार छप्पर थे।

जिसमें उनका परिवार रहता था। रोज की तरह भोजन के बाद परिवार के लोग सोये थे। अचानक उनके एक छप्पर से आग की लपटें उठने लगी। आग की गर्मी और बांस बल्ली के जलने की आवाज पर बुड़ारी की नींद खुल गई। शोर मचाते हुए परिवार के लोगों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के पहुंचने तक आग विकराल रूप धर चारो छप्परों को आगोश में ले चुकी थी। ग्रामीणों ने आग पर पानी फेंक उसे आगे नहीं बढ़ने दिया। अन्यथा कई घरों तक आग पहुंच जाती।

















