आंबेडकर की प्रतिमा को खाकी टोपी और भगवा गमछा पहनाने से बवाल
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
शहर के दीवानी तिराहे पर स्थापित भारत रत्न डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आने के बाद सोमवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया।सुबह लोगों ने प्रतिमा पर खाकी टोपी पहनाई हुई तथा गले में भगवा गमछा डला देखा,जिसके बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया।सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

अधिकारियों ने तत्काल प्रतिमा से टोपी और गमछा हटवाकर लोगों को शांत कराया।पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में रही,हालांकि काफी देर तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अराजक तत्वों द्वारा प्रतिमा पर कालिख पोतने की घटना सामने आ चुकी है,जिससे लोगों में भारी नाराजगी फैल गई थी।

उस समय तत्कालीन जिलाधिकारी दिनेश चंद्र ने मौके पर पहुंचकर प्रतिमा की सफाई कराई थी।क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि कैद हुई है।फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।


















