आजमगढ़ : पूरी रफ्तार से दौड़ी साइकिल, सभी दसों विधानसभा सीट पर लहराया परचम
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 आजमगढ़ में साइकिल पूरी रफ्तार से दौड़ी। शहर से लेकर गांव तक के ईवीएम वोटों का रिकार्ड उगलते रहे। दोपहर बाद स्थिति ऐसी बनी कि सपाई मुस्कुरा उठे। शाम पांच बजे के बाद जीत की खुशियां उनकी झोली में गिरनी शुरू हुई तो एक-एक कर सभी सीट जीत गए। भाजपा के लिए राहत की बात रही कि वोट फीसद बढ़ने के कारण रनर का आंकड़ा पांच को पार करते हुए दस सीटों पर जा पहुंची। बसपा का सालों से अभेद्य रहा यहां किला जरूर ढह गया।
गुरुवार की सुबह आठ बजे शहर के बेलइसा और चकवल स्थित एफसीआई के गोदामों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध के बीच मतगणना शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती से शुरुआती रुझाने आने में देर लगी। हालांकि, साढ़े आठ बजे ईवीएम की बारी आई तो रुझान ने रफ्तार पकड़ ली। सपा के उम्मीदवारों ने बढ़त बनानी शुरू की तो जीत के बाद ही उनके कदम थमे।
शाम साढ़े पांच बजे सपा के बेचई सरोज ने 83087 मत पाकर भाजपा की नीलम सोनकर 68720 को 14367 वोटों से, मेंहनगर सुरक्षित सीट से सपा की पूजा सरोज 85582 ने भाजपा की मंजू सरोज 71609 को 13973 वोटों से, दीदारगंज सीट से सपा के कमलाकांत राजभर 72877 ने भाजपा के डा. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा 59911 काे 12966 वोटों से, फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से सपा के रमाकांत यादव 81164 ने भाजपा के रामसूरत राजभर 55558 को 25606 वोटों से और निजामाबाद से सपा के आलमबदी 79022 ने भाजपा के मनोज यादव 45444 को 26578 वोटों से, गोपालपुर विधानसभा से सपा प्रत्याशी नफीस अहमद ने 84401 वोट पाकर भाजपा के सत्येंद्र राय 60094 को 24392 वोटों से, सगड़ी विधानसभा में सपा उम्मीदवार डा. एचएन पटेल ने 83093 वोट पाकर भाजपा की बंदना सिंह 60578 को 22515 वोटों से, आजमगढ़ सदर में सपा उम्मीदवार दुर्गा प्रसाद यादव 100813 ने भाजपा के अखिलेश मिश्रा 84777 को 16036 वोटो से, मुबारकपुर विधानसभा के सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव 80726 ने भाजपा के अरविंद जायसवाल 51623 को 29103 वोटों से, अतरौलिया विधानसभा के सपा उम्मीदवार डा. संग्राम यादव 91502 ने निषाद पार्टी के प्रशांत कुमार सिंह 74255 को 17247 वोटों से हरा दिया।आजमगढ़ में जीत का रिकार्ड बनाने के बाद भी उम्मीदवार प्रदेश में सरकार न बनने से इतने निराश रहे कि सपा के जिला कार्यालय पर सन्नाटा पसरा रहा।
# रमाकांत यादव 29 साल बाद पहुंचे विधानसभा
फूलपुर-पवई विधानसभा सीट से पूर्व सांसद रमाकांत यादव 29 साल बाद विधानसभा पहुंचे हैं। वैसे तो वह क्षेत्र से कई बार विधानसभा का चुनाव जीते थे, लेकिन 1993 के बाद उन्होंने विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ा। 1996 से उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ना शुरू किया, तो पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस बार वह सपा के टिकट पर दूसरी बार विधानसभा का चुनाव लड़े और जनता ने उन्हें समर्थन भी दिया। मतगणना शुरू होने से पहले ही उनके समर्थक टीवी और यूट्यूब चैनलों पर परिणाम की जानकारी के लिए जुट गए थे।
अंबारी स्थित आवास पर जुटे समर्थकों को जैसे ही जानकारी मिली कि रमाकांत की जीत तय हो गई है, तो लोग खुशी से झूम उठे। जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए। वैसे फूलपुर-पवई सीट पर रमाकांत के मैदान में होने से जिले की हॉट सीट हो गई थी। रमाकांत के पहले के राजनीतिक सफर पर गौर करें तो उन्होंने 1985 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (जगजीवन), 1989 में बहुजन समाज पार्टी, 1991 में जनता पार्टी, 1993 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। इस प्रकार समाजवादी पार्टी के टिकट पर दूसरी बार और कुल पांचवी बार रमाकांत यादव विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।