आजमगढ़ : सेंध काट घर में घुसे चोरों ने नकदी समेत लाखों के जेवर किया पार
अहरौला। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के बनहर मय चक गजड़ी गांव में शनिवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर एक घर से नकदी सहित आभूषणों की चोरी की। सुबह सोकर उठने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
गांव निवासी अनिल राय का मकान कच्चा है। शनिवार की रात अनिल राय घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा कर बाहर चारपाई पर सो रहे थे। रात में चोर सेंध लगाकर अंदर घुस गए। आलमारी, बक्सा आदि तोड़ कर उसमें रखी नकदी व जेवरात चुरा ले गए। सुबह सो कर उठने पर घटना की जानकारी अनिल को हुई। पीड़ित के अनुसार नकदी समेत लगभग पांच लाख की चोरी हुई है। पीड़ित की सूचना पर अहरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। पीड़ित ने थाने पर लिखित तहरीर दी है।