आमने-सामने भिड़ी बाइक, युवक की मौत, वृद्ध गंभीर
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लपरी गांव के पास गुरुवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में 22 वर्षीय रिज़वान की मौत हो गई, जबकि 70 वर्षीय रामजी गंभीर रुप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार लपरी गांव निवासी रिज़वान (22) किसी काम से पास के कोईरीडीहा बाजार गया हुआ था।

दोपहर लगभग 2 बजे वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान लपरी बाजार के समीप उसकी मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत सरायख्वाजा गांव निवासी रामजी (70) की मोटरसाइकिल से हो गई, जो शाहगंज की ओर से आ रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एम्बुलेंस बुलाकर दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने रिज़वान को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सरायख्वाजा थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक रिज़वान के शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल रामजी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया।








