आरक्षण घोटाले का आरोप लगाकर सपा ने भाजपा सरकार को घेरा,5 जून को धरना प्रदर्शन का ऐलान
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विभिन्न भर्तियों में आरक्षण नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए इसे “पीडीए आरक्षण घोटाला” करार दिया है। सोमवार को नगर स्थित होटल रिवर व्यू में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने भाजपा सरकार पर पिछड़े,दलित और आदिवासी वर्ग के युवाओं के संवैधानिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।

राकेश मौर्य ने कहा कि संविधान प्रदत्त आरक्षण व्यवस्था सामाजिक समता और समान अवसर सुनिश्चित करने का माध्यम है,लेकिन प्रदेश सरकार विभिन्न भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 22 भर्ती परीक्षाओं में 11,514 से अधिक आरक्षित पदों पर अनियमितताएं हुई हैं,जिसका विवरण पार्टी द्वारा तैयार की गई बुकलेट में प्रमाण सहित प्रस्तुत किया गया है।सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि 69 हजार शिक्षक भर्ती,लेखपाल भर्ती,ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती,कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती समेत विभिन्न चयन प्रक्रियाओं में आरक्षित वर्गों के पद प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और आरक्षण से जुड़े कथित मामलों को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।प्रेस वार्ता में उन्होंने पेपर लीक,महंगाई,पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में वृद्धि,बिजली कटौती,कानून व्यवस्था और कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों को भी उठाया।

उन्होंने बताया कि इन जनसमस्याओं के विरोध में समाजवादी पार्टी 5 जून को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी।प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक लकी यादव,विधायक पंकज पटेल,पूर्व विधायक लालबहादुर यादव,श्रद्धा यादव,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजबहादुर यादव,संगीता यादव, आरिफ हबीब,संजय सरोज,दीपचंद राम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















