ईरान : हिजाब के बाद थाने में किशोरी से दुष्कर्म
# प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच खूनी संघर्ष में 36 की मौत
ईरान/नई दिल्ली।
न्यूज़ एजेंसी
तहलका 24×7
ईरान में हिजाब के खिलाफ 22 वर्षीय कुर्द महिला महसा अमिनी की पुलिस हिरासत में मौत का विरोध अभी थमा भी नहीं कि एक पुलिस कमांडर द्वारा थाने में 15 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आ गया। महसा की मौत का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने इस मुद्दे पर जब पुलिस स्टेशन का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की तब दोनों पक्षों में हुए संघर्ष में चार रिवोल्यूशनरी गार्डों समेत 36 की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।

यह घटना देश के दक्षिण-पूर्व में सुन्नी बहुल जाहेदान शहर की है। यहां की मक्की ग्रांड मस्जिद में जब प्रदर्शनकारी जुटे तो पुलिस ने उन्हें काबू करने के लिए गोलियां बरसा दीं। बलोचिस्तान के प्रांतीय गवर्नर होसेन मोदारेस खियाबानी ने पुलिस टकराव की पुष्टि की है। मस्जिद के अंदर से सोशल मीडिया पर आए एक वीडियो में नमाजी बाहर निकलते हुए और फिर दौड़ते हुए दिख रहे हैं। साथ ही गोलियों की स्पष्ट आवाज सुनाई दे रही है।

# कर्नल खुचकजई था आरोपी
ईरान सरकार ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन पर नियंत्रण किया। वे तीन पुलिस स्टेशनों पर कब्जा जमाने की फिराक में थे। कर्नल इब्राहिम खुचकजई नामक पुलिस कमांडर ने बच्ची से दुष्कर्म किया था।

# पुलिस स्टेशन को किया आग के हवाले
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गवर्नर होसैन मोदारेस खियाबानी ने कहा कि कुछ दंगाइयों ने नमाज के आड़ में पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया था। इस हमले में उन्होंने पत्थर और जलने वाले सामान पुलिस स्टेशन में फेंके और गोलीबारी भी की गई। हमलावरों ने चेन स्टोर समेत कई सार्वजनिक संपत्तियों में आग लगा दी और बैंकों और सरकारी सेंटर्स में तोड़फोड़ की।

# किशोरी से दुष्कर्म ने आग में डाला घी
बलोचिस्तान नेशनल सॉलिडेरिटी पार्टी के महासचिव और दुबई स्थित ईरानी असंतुष्ट हबीबुल्लाह सरबाजी ने बताया कि प्रदर्शनकारी पहले ही हिजाब के विरोध में प्रदर्शन चल रहे थे। ऐसे में पुलिस कमांडर द्वारा थाने में किशोरी से दुष्कर्म की खबर के बाद प्रदर्शनकारी और उग्र हो गए। इस घटना ने आग में घी डाला। उधर, ईरान के सरकारी मीडिया ने प्रदर्शनकारियों को आतंकी व अलगाववादी बताते हुए उन पर पुलिस के ऊपर हथियार चलाने का आरोप लगाया है।

# चार गार्ड सदस्य भी मारे गए
ईरान में विपक्षी नेता तसनीम के अनुसार यहां कम से कम 40 प्रदर्शनकारी मारे गए हैं, इस बीच ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के चार सदस्य भी मारे गए।

















