एंटी लार्वा दवा के छिड़काव व फागिंग के लिए व्यापार मंडल ने किया प्रदर्शन
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव व फागिंग कराने के लिए भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि डेंगू और मलेरिया से बचाव के लिए एंटी लार्वा दवा का छिड़काव शहरी क्षेत्र में किया जाए। फागिंग की व्यवस्था प्रतिदिन हो। जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा का छिड़काव कराया जाए। सुबह व रात में शहर के मुख्य मार्गों एवं मुहल्ले की सफाई करायी जाए। यदि नगर पालिका परिषद समय रहते नगर की सफाई, दवा छिड़काव की व्यवस्था नहीं करती तो 20 अक्तूबर के बाद नगर पालिका का घेराव किया जाएगा।

नगर अध्यक्ष सर्वेश जायसवाल व जिला महामंत्री आशीष चौरसिया ने कहा कि नालियों की नियमित सफाई एवं चूने तथा कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जाए। कूड़ा डंपिंग शहर के बाहर हो। युवा अध्यक्ष अजय गुप्ता, नगर अध्यक्ष अमित जायसवाल, संजय केडिया, अभिताष गुप्ता, संजय जायसवाल, रवि अग्रहरी, प्रदीप सिंह रिंकू, योगेश साहू, मो. दानिश, विजय केडिया, मनीष देव, धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी, पवन सिंह, अजित सोनकर आदि मौजूद थे।

















