एसटीएफ मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार ढेर
# शाहगंज डबल मर्डर-डकैती कांड का था मुख्य आरोपी
जौनपुर/अंबेडकरनगर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
वर्ष 2014 में शाहगंज के चर्चित डबल मर्डर एवं डकैती कांड का मुख्य वांछित आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश आसिफ उर्फ विक्की छैमार यूपी एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ अंबेडकरनगर जिले के भीवाना थाना क्षेत्र में हुई।गोली लगने से गंभीर रुप से घायल बदमाश को अस्पताल ले जाया गया,जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की छैमार पुत्र बाबू उर्फ मजहर निवासी मकनपुर,थाना बिल्हौर,जनपद कानपुर नगर के रुप में हुई।एसटीएफ के अनुसार उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल,12 बोर की पौनिया,भारी मात्रा में कारतूस तथा एक बाइक बरामद हुई है। एसटीएफ के मुताबिक आसिफ अपने गैंग के साथ घरों में घुसकर परिवार के लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था और विरोध करने पर हत्या करने से भी नहीं हिचकता था।उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश,हरियाणा और राजस्थान में हत्या,डकैती और लूट समेत 21 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

# शाहगंज में डकैती के दौरान मां-बेटी की हुई थी हत्या
23 अप्रैल 2014 की रात शाहगंज के नई आबादी खुटहन रोड स्थित दवा व्यापारी धीरज सिंह के घर में आसिफ और उसके साथियों ने धावा बोल दिया था।बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर धारदार हथियारों से हमला किया।इस वारदात में धीरज सिंह की पत्नी सुमन सिंह (45) और पुत्री स्वाति सिंह (23) की उपचार के दौरान मौत हो गई थी,जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रुप से घायल हुए थे।वारदात के बाद बदमाश लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

इस मामले में आसिफ लंबे समय से फरार था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।एसटीएफ के अनुसार आसिफ कई सनसनीखेज वारदातों में वांछित था।इनमें वर्ष 2013 में सुल्तानपुर में हत्या के बाद डकैती,वर्ष 2014 में शाहगंज का डबल मर्डर-डकैती कांड,वर्ष 2015 में कौशांबी के कोखराज में डकैती के दौरान दंपति की हत्या, मुजफ्फरनगर के छपार क्षेत्र में एक ही रात छह घरों में डकैती तथा वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र में तासीम हत्याकांड शामिल है।एसटीएफ का कहना है कि आसिफ के मारे जाने के साथ ही प्रदेश के कई चर्चित आपराधिक मामलों के एक प्रमुख आरोपी का अध्याय समाप्त हो गया।


















