ऐप डिलीट कराने के बहाने कम्पनी मैनेजर से 98 हजार की साइबर ठगी
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियांव स्थित एग्रो पार्क में एक कम्पनी मैनेजर साइबर ठगी का शिकार हो गए।एजुकेशन ऐप बंद कराने के नाम पर साइबर ठग ने मोबाइल हैक कर उनके खाते से दो बार में 98 हजार रुपये उड़ा दिए।जानकारी के अनुसार कन्नौज जनपद के सौरिख निवासी धीरज त्रिपाठी करखियांव एग्रो पार्क स्थित प्राइम एवियन मुर्गी दाना कम्पनी में मैनेजर हैं।

उनके मोबाइल से एक एजुकेशन ऐप के माध्यम से प्रतिमाह 200 रुपये कट रहे थे।उन्होंने ऐप डिलीट कराने के लिए इंटरनेट पर मिले हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया।आरोप है कि फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर कर्मी बताते हुए व्हाट्सएप पर एक लिंक भेजा और उसे खोलकर आवश्यक जानकारी भरने को कहा।

लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठग ने उनके बैंक खाते से 50 हजार और 48 हजार रुपये दो बार में ट्रांसफर कर लिए।खाते से रकम निकलने की जानकारी होते ही पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।गुरुवार को उन्होंने फूलपुर थाने में भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


















