कई शहरों में गरज रहा बुलडोजर, सम्राट चौधरी के एक्शन से भड़के तेज प्रताप
पटना
तहलका 24×7
क्या बिहार के नए गृहमंत्री भी योगी मॉडल लागू करेंगे? यह सवाल इसलिए क्योंकि बिहार में नई सरकार गठन होते ही अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर एक्शन शुरु हो गया। प्रदेश के कई जिलों में अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर से ढहाया जा रहा है, सामान जब्त किए जा रहे है, जुर्माना वसूला जा रहा है। गृहमंत्री की कुर्सी संभालते ही सम्राट चौधरी ने साफ कहा था कि गृह विभाग नीतीश कुमार के सुशासन मॉडल को मजबूत करेगा, जहां अपराध पर जीरो टॉलरेंस होगा।

बिहार में गृहमंत्री का पद संभालते ही सम्राट चौधरी ने साफ कहा कि, अपराधियों के घर पर बुलडोजर चलेगा, अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। जहां उन्होंने अवैध कब्जा किया है, उस निर्माण को ढहाया जाएगा। गृह विभाग की ओर से कहा गया है कि बिहार में अब तक 400 माफिया की लिस्ट तैयार है। कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई होगी। कैमूर में नगर परिषद भभुआ द्वारा शहर में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।

यह अभियान एकता चौक से लेकर जिला जज आवास एवं बिजली कॉलोनी तक संचालित किया गया, जिसमें सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकानों और अतिक्रमण को हटाया गया। कई दुकानदारों पर नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना भी लगाया गया।नगर परिषद कार्यपालक अधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण और जाम की समस्या को देखते हुए पिछले कई दिनों से अभियान चलाया जा रहा है।

दुकानदारों को पूर्व में निर्देश दिया गया था कि सड़क किनारे लगाए गए ठेला, खोमचा और दुकान के बाहर फैले सामान को स्वयं हटा लें, लेकिन चेतावनी के बावजूद कई लोगों ने इसका पालन नहीं किया। दुकान के बाहर कूड़ा-कचरा फेंके जाने पर 500 रुपये का जुर्माना तय किया गया है। बिहार में नई सरकार बनते ही पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ी दयाल थाना क्षेत्र के अजगरवा, सिसहनी पंचायत के अजगरी गांव में बुलडोजर एक्शन देखने को मिला।

यहां लगभग 48 वर्षों से चल रहे कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने के विवाद पर आखिरकार अदालत के बाद प्रशासनिक टीम ने विवादित भूखंड पर बने पक्के मकान को चार बुलडोज़र की मदद से गिरा दिया। पूरी कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस बल की सख्त निगरानी में संपन्न हुई। मुजफ्फरपुर में भी असर देखने को मिला। शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम और अवैध अतिक्रमण से आम लोग परेशान थे। इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख़्त कदम उठाते हुए बैरिया बस स्टैंड के पास बड़ी कार्रवाई की।

भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अवैध दुकानों व कब्जों पर बुलडोज़र चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया।शहर में जिन क्षेत्रों में जाम की समस्या गंभीर है, लगातार अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में टीम मौके पर जांच कर रही है और जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, उसे तुरंत हटाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर बल बढ़ाया जाएगा और किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिहार में बुलडोजर एक्शन बढ़़ा तो सियासी हंगामा भी खूब बरपा।

तेज प्रताप यादव ने उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए लिखा, नीतीश सरकार में नए गृहमंत्री अपने पद को लेकर कुछ ज्यादा ही हतोत्साहित हैं। वे ये भी भूल गए हैं कि कल तक जिस जनता जनार्दन का गुणगान गाते थे, आज उन्हीं लोगों के घर परिवार उजाड़ रहे हैं।उन्होंने आगे लिखा नालंदा, सीतामढ़ी, पटना, आरा इत्यादि जैसे अनेकों जिलों में विगत दो दिनों से लगातार बुलडोजर से गरीब, दलित, वंचित समुदाय के लोगों के घर मकान को जबरन तोड़ा जा रहा है।

तेज प्रताप ने बिहार के गृहमंत्री से अपील करते हुए कहा कि, हम सभी इस बात से भली भांति अवगत हैं कि नवंबर महीने से ही ठंड की शुरुआत हो जाती है, दिसंबर और जनवरी के महीने तो कड़ाके की ठंड पड़ती है, इस ठंड के मौसम में किसी का घर टूटने का दर्द क्या होता है यह हम सभी समझ सकते हैं। उन्होंने कहा यह बात नीतीश सरकार के नए गृहमंत्री नहीं समझ पा रहे हैं कि इस बुलडोजर प्रक्रिया से यहां की आम जनमानस के छोटे-छोटे बच्चे, महिलाओं और बुजुर्गों पर क्या बीत रही होगी, इसलिए हम नीतीश सरकार से मांग करते हैं कि बिहार में बढ़ती ठंड और गरीबी से लाचार और बेबस लोगों के आशियानों को तोड़ने से तत्काल प्रभाव से रोक लगाया जाए।








