कमरे में मिला महंत का शव, घर से रुपये गायब, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद।
तहलका 24×7
कादरीगेट थाना क्षेत्र के पांचाल घाट ऋषि आश्रम पर कमरे में महंत का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर जांच में जुटी रही। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मृतक के भाई अनुपम ने बताया कि मैनपुरी के गांव कुकामई के रहने वाले राघव चतुर्वेदी लगभग एक साल से ऋषि आश्रम में रह रहे थे।

सुबह जब महंत राघव चतुर्वेदी आरती में नहीं पहुंचे तो साधु संतों ने उनके कमरे में जाकर देखा। कमरे के अंदर महंत राघव चतुर्वेदी का शव जमीन पर पड़ा था। शरीर पर चोट के निशान थे।मृतक के भाई अनुपम चतुर्वेदी ने बताया कि इस आश्रम के महंत उनके चाचा दिव्यनन्द थे, जिनकी की मौत बीते 25 दिसम्बर को हो गई।

तब सर्वसम्मति से उसके भाई राघव को महंत बना दिया गया था। राघव घर से एक लाख और छोटे भाई से 42 हजार रुपये मृतक महंत दिव्यनन्द की मूर्ति बनवाने के लिए लाए थे, वो पैसे भी गायब हैं।मृतक के भाई अनुपम का आरोप है कि पड़ोसी से उनका विवाद हमेशा होता रहता था।

आश्रम में उनके साथ महिला मुन्नी भी रहती थी, वह भी अचानक से गायब हो गई है। घटना की सूचना पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि पांचाल घाट ऋषि आश्रम में महंत का शव पड़ा मिला। महंत के शव के पास कुछ दवाईयां भी पड़ी मिली। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, लेकिन अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जो महिला फरार है, वह कौन थी, उसकी तलाश की जा रही है।
















