आयुष्मान भारत योजना में बड़े पैमाने पर अनियमितता,16 अस्पतालों पर कार्रवाई
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अस्पतालों की बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं।औचक निरीक्षण में पता चला कि कुछ अस्पतालों ने एक ही परिवार के सदस्यों को बार-बार भर्ती दिखाकर योजना की राशि का दावा किया,जबकि कई मामलों में आवश्यकता न होने के बावजूद मरीजों को आईसीयू में भर्ती किया गया।

यह खुलासा राज्य स्वास्थ्य अभिकरण द्वारा कराए गए औचक निरीक्षण में हुआ।योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को गुणवत्तापूर्ण,पारदर्शी और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साचीज लगातार निगरानी कर रहा है।जांच के दौरान कई अस्पतालों में स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस के पालन में कमी और गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई गईं।साचीज की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अर्चना वर्मा ने बताया कि तीन सदस्यीय विशेष टीम ने बिजनौर जिले के 20 सूचीबद्ध अस्पतालों का निरीक्षण किया।

इनमें से 16 अस्पतालों में दिशानिर्देशों का उल्लंघन पाया गया।छह अस्पतालों को निलंबन का नोटिस जारी करते हुए उनका भुगतान रोक दिया गया है,जबकि 10 अन्य अस्पतालों को अनियमितताओं के संबंध में कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।सीईओ ने बताया कि जिन अस्पतालों ने अब तक निर्धारित जुर्माना जमा नहीं किया है,उनके जुर्माने का नए सिरे से आकलन कर 10 गुना तक जुर्माना लगाया जाएगा।

इसके अलावा संबंधित ऑडिट एजेंसी को भी नोटिस जारी किया गया है तथा जिला कार्यक्रम समन्वयक से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।उन्होंने कहा कि योजना से जुड़े सभी सूचीबद्ध अस्पतालों के लिए शासन के दिशा-निर्देशों,स्टैंडर्ड ट्रीटमेंट गाइडलाइंस और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन अनिवार्य है।किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अस्पतालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


















