करोड़ों के निवेश ठगी के आरोप में वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार्यक्रम रुकवाया, पदाधिकारी मौके से फरार

करोड़ों के निवेश ठगी के आरोप में वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार्यक्रम रुकवाया,पदाधिकारी मौके से फरार

वाराणसी। 
तहलका 24×7 
               करोड़ों रुपये की कथित निवेश धोखाधड़ी के मामले में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरी नाटक मंडली में आयोजित मेडलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के कार्यक्रम को बीच में ही रुकवा दिया।आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।पुलिस के पहुंचते ही कंपनी से जुड़े कई पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल छोड़कर चले गए, जबकि मौजूद निवेशकों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई।
पुलिस आयुक्त को दी गई शिकायत के अनुसार कंपनी नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से लोगों को जोड़कर 10 से 20 महीने में निवेश की राशि दोगुनी करने,सोना, कैशबैक और विदेश यात्रा जैसे आकर्षक ऑफर का लालच देकर करोड़ों रुपये का निवेश करा रही थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शुरुआती दौर में कुछ निवेशकों को भुगतान कर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया।
शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 में कंपनी की विभिन्न योजनाओं में निवेश किया था और अपने माध्यम से कई लोगों को भी जोड़ा। उनके अनुसार उनकी टीम का करीब 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास बकाया है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने कई मामलों में जीएसटी बिल जारी नहीं किए और टीडीएस काटने के बावजूद उसे सरकारी खाते में जमा नहीं कराया।शिकायत मिलते ही एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ नागरी नाटक मंडली पहुंचीं और कार्यक्रम को तत्काल रुकवा दिया।
पुलिस ने मौके पर मौजूद निवेशकों और कंपनी से जुड़े लोगों से पूछताछ की।पुलिस का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से कई अन्य लोग संभावित आर्थिक नुकसान से बच गए।पुलिस अधिकारियों के अनुसार कंपनी के दस्तावेज, निवेश योजनाओं, बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच की जा रही है।जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Previous articleनशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाला दंपती गिरफ्तार
Next articleविधायक ने किया इंटरलॉकिंग सड़कों का निरीक्षण
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?