केंद्रीय मंत्री भांजों ने एक दूसरे को मारी गोली, एक की मौत

केंद्रीय मंत्री भांजों ने एक दूसरे को मारी गोली, एक की मौत

भागलपुर।
तहलका 24×7
               बिहार के भागलपुर में गोलीबारी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, दूसरे की हालत नाजुक बनी है। मरने वाले की पहचान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के भांजे के रूप में हुई है। घटना भागलपुर जिले के नवगछिया के जगतपुर की है। जहां केंद्रीय मंत्री के बहनोई गुल्लो यादव के दो बेटों ने एक-दूसरे पर गोली चला दी।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के दो भांजे जयजीत यादव और विश्वजीत यादव उर्फ विकल ने मामूली विवाद में एक-दूसरे को गोली मार दी। गोली लगने से विकल की मौत हो गई, जबकि जयजीत की हालत नाजुक बनी हुई है। नित्यानंद राय की बहन हिना देवी को भी गोली लगी है। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि पानी के नल को लेकर केंद्रीय मंत्री के दोनों भांजे विकल और जयजीत के बीच झगड़ा हुआ था। इसी के बाद छोटे भाई विकल ने घर से पिस्तौल लाकर बड़े भाई जयजीत पर गोली चला दी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा लेकिन किसी तरह उठकर विकल से भिड़ गया। दोनों के बीच गुत्थम-गुत्थी के बाद जयजीत ने पिस्टल छीनकर विकल को गोली मार दी। उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई मां के हाथ में भी गोली लगी है।
परबत्ता थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि घटना में एक भाई की मौत हो गई, दूसरे का इलाज चल रहा है। दोनों भाइयों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में बचाने आई उसकी मां के हाथ में भी गोली लगी है। एसपी नवगछिया प्रेरणा कुमार ने बताया कि भाइयों के बीच गोली चली थी। सूचना मिलने के बाद परबत्ता एसएचओ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन शुरू कर दी।
हथियार की खोजबीन जारी है। घटनास्थल से एक गोली और एक खोखा बरामद हुआ है।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि नीतीश सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। नीतीश कुमार चंद लोगों से घिरे हुए हैं, उन्हीं के मुताबिक चल रहे हैं। कहा केंद्रीय गृहराज्य मंत्री का परिवार ही सुरक्षित नहीं है तो बिहार का आम परिवार कैसे सुरक्षित रहेगा। विधायक ने कहा एनडीए के नेता पहले कहते थे कि बिहार में जंगल राज है तो उनसे पूछना चाहते हैं कि अब बताएं कि ये क्या हो रहा है? क्यों आपराधिक घटनाएं बढ़ गईं हैं?
Previous articleपहले तलवार से अब व्यवहार से मनाते हैं त्यौहार
Next article25 भारतीयों को मौत की सजा, सरकार ने कहा- फैसले पर अभी अमल नहीं
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?