गड्ढे में तब्दील इमामपुर गौसपीर दरगाह मार्ग
खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
इमामपुर से गौसपीर दरगाह, सुतौली घाट, इमामबाड़ा को जाने वाला मार्ग लगभग 10 वर्ष से गड्ढे में तब्दील हो गया है। इस मार्ग से आने जाने वाले राहगीर गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। इसकी शिकायत जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से कई बार किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

खेतासराय सहित आजमगढ़ जिले के कई गांव के लोग शव दाह संस्कार के लिए इसी मार्ग से सुतौली घाट जाते हैं। इसी मार्ग से गौसपीर दरगाह पर हर वर्ष लगने वाले उर्स में लाखों जयरीन जियारत करने आते हैं।इसी मार्ग से मुहर्रम का ताजिया कर्बला में दफन करने के लिए हजारों लोग जाते हैं। मुहर्रम चल रहा है। मजलिस के लिए लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। स्कूल के बच्चों व मरीजों को भी आने जाने में दिक्कत होती है। गड्ढा व बिखरी हुई गिट्टियों वाला मार्ग सदर और शाहगंज दोनों विधानसभा में पड़ता है।

बार्डर के गांव होने के नाते कोई भी जनप्रतिनिधि ध्यान नहीं दे रहा। लगभग 15 वर्ष पूर्व बनी सड़क की गिट्टियां 5 ही वर्ष में बिखर गई थी।तब से आज तक उस पर कोई निमार्ण कार्य नहीं हुआ। बरसात के दिनों में लोग जान को जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरते हैं।जगह-जगह गड्ढा बन गया है, जिसमें पानी भर जाता है और राहगीर उसी में गिरकर चोटहिल हो रहे हैं।
















