गुरु पूर्णिमा पर आश्रमों में उमड़ा आस्था का सैलाब,संत समाधियों पर हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था
# स्वामी हरहरानंद आश्रम में दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठान,देर शाम तक चला भंडारा
पिंडरा,वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
गुरु पूर्णिमा पर्व पर बुधवार को पिंडरा क्षेत्र के आश्रमों में श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। थाना गांव स्थित स्वामी हरहरानंद आश्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।हजारों भक्तों ने संत की समाधि पर मत्था टेक आशीर्वाद लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।आश्रम में आयोजित प्रवचन के दौरान आचार्य प्रमोद सिंह ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि गुरु ही जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं।

उन्होंने कहा कि बिना गुरु के सच्चे ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है।ज्ञान देने वाला कोई भी हो सकता है, आवश्यकता केवल उसे ग्रहण करने की दृढ़ इच्छा और समर्पण की होती है।धार्मिक अनुष्ठानों के बाद देर शाम तक भंडारे का आयोजन चलता रहा,जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।आश्रम के पुजारी चंद्रभूषण पांडेय ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। वहीं,पिंडरा तहसील परिसर स्थित मौनी बाबा आश्रम, पिंडरा के जगरूदेव आश्रम,करखियाव स्थित राधा स्वामी आश्रम समेत क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक आश्रमों में भी गुरु पूर्णिमा पर विशेष पूजा-अर्चना, सत्संग और भंडारे का आयोजन हुआ।

दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और लोगों ने गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी राजदेव सिंह,अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह,तहसील बार अध्यक्ष प्रीतराज माथुर, पूर्व अध्यक्ष अशोक पांडेय, ग्रापए के जिलाध्यक्ष राजुकुमार तिवारी,डॉ.शशिकांत सिंह,विजय शंकर पांडेय,मुन्ना सिंह,अनुराग जायसवाल,कुँवर सिंह,सुरेश पांडेय,अंशु सिंह,शिव तिवारी,सर्वेश सिंह,पप्पू गिरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















