चारबाग स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड गिरा,तीन घायल
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी के व्यस्त चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया।यहां प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर लगा भारी भरकम टिन शेड अचानक गिर पड़ा। करीब 70 टन वजनी शेड गिरते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे में एक टीटीई समेत तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर उस समय यात्रियों की काफी भीड़ मौजूद थी।

अचानक तेज आवाज के साथ शेड का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा,जिससे यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल,जीआरपी और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरु कराया।हादसे के दौरान प्लेटफॉर्म पर खड़ी हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस को तत्काल रोक दिया गया।रेलवे कर्मचारियों और बचाव दल ने घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

बताया जा रहा है कि घायलों में एक टीटीई भी शामिल है,जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।मलबा हटाने के लिए रेलवे प्रशासन ने क्रेन की मदद ली।कई घंटों की मशक्कत के बाद प्लेटफॉर्म से शेड का मलबा हटाया जा सका।हादसे के चलते स्टेशन पर ट्रेनों का संचालन भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने घटना का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्राथमिक जांच में शेड की जर्जर स्थिति और तकनीकी लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।हादसे के बाद यात्रियों में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।लोगों का कहना था कि स्टेशन परिसर में पुराने और जर्जर ढांचों की समय-समय पर जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।

















