छात्रा ने स्कूल की पांचवीं मंजिल से लगाई छलांग, हालत गंभीर
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
केराकत क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत ग्रीन वैली स्कूल में उस समय अफरा तफरी मच गई जब एक छात्रा ने सुबह करीब नौ बजे स्कूल की पांचवी मंजिल से छलांग लगा दी, छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। छात्रा ने छलांग लगाने से पहले कागज के एक टुकड़े पर लिखे नोट को नीचे फेका जिसमें परिवार के लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना को एक महत्वपूर्ण कारण बताया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती करा कर मामले की छानबीन में जुट गई।

क्षेत्राधिकारी अजित कुमार रजक ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटना परिवार में आपसी कलह के कारण बताई जा रही है। गहराई से सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्य के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी। वहीं स्कूल प्रशासन का कहना है की छात्रा घर से किसी मामले को लेकर परेशान थी। रोज की तरह स्कूल बस से आई और सीधे पांचवी मंजिल पर जाकर रेलिंग पर बैठ गई।

रेलिंग पर बैठी छात्रा को देखकर स्कूल स्टाफ के साथ मौजूद अन्य लोगों ने समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन किसी की बात नहीं मानी और नीचे छलांग लगाने से पहले अपने पास रखे कागज के एक टुकड़े पर लिखे नोट को नीचे फेंक दिया। छात्रा को छलांग लगाते देख स्कूल स्टाफ ने तुरंत नीचे गद्दा और साफा लगाकर छात्रा को बचाने का प्रयास किया। बावजूद इसके वह गंभीर रुप से घायल हो गई।

















