जिला कारागार में बंद हत्या के दोषी की तबीयत बिगड़ने से मौत, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिला कारागार में सजा काट रहे एक वृद्ध कैदी की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।जेल प्रशासन ने कैदी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान दयाराम यादव (85) निवासी ग्राम असरफगढ़,थाना खुटहन के रुप में हुई।

वह हत्या के एक मामले में दोषसिद्ध होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों से जिला कारागार में सजा काट रहा था।जेल प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह दयाराम यादव ने अचानक सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की।उनकी हालत बिगड़ने पर तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया,लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई।जेल में बंद कैदी की मौत के कारण नियमानुसार मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।फिलहाल जेल प्रशासन मामले की कार्रवाई में जुटा रहा।


















