जीएसटी का उपायुक्त 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार
# विजिलेंस वाराणसी की कार्रवाई, चेतगंज स्थित रेस्टोरेंट के पास दबोचा
वाराणसी।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान की वाराणसी टीम ने जीएसटी विभाग की उपायुक्त अंबिका को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई चेतगंज क्षेत्र स्थित दादा रेस्टोरेंट के पास बुधवार को की गई।ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्रा.लि.के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने पुलिस अधीक्षक,सतर्कता अधिष्ठान वाराणसी सेक्टर से लिखित शिकायत की थी।

आरोप था कि फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और राज्य जीएसटी आगणन से संबंधित फाइल के निस्तारण के लिए 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने गोपनीय जांच कराई।जांच में आरोप सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया।शिकायतकर्ता ने जैसे ही 50 हजार रुपये नकद दिए,टीम ने उपायुक्त अंबिका को मौके पर ही पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपित अधिकारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाना,वाराणसी सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। सतर्कता अधिष्ठान ने जनता से अपील की है कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगे जाने पर तत्काल शिकायत करें।हेल्पलाइन नंबर 9454401866 व 9454401222 जारी किए गए हैं।विभाग ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


















