जौनपुर : अघोषित बिजली कटौती को लेकर व्यापार मंडल ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
कस्बे में बुधवार को उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विधायक रमेश सिंह से मुलाकात की। व्यापारियों ने नगर में हो रही अघोषित बिजली कटौती और सड़क पर मौजूद खंभों की वजह से लग रहे जाम का मुद्दा उठाया और विधायक को मांगपत्र सौंपा। विधायक ने जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।

बताते चलें कि शाहगंज कस्बे में बीते कई दिनों से बिजली कटौती ने कहर ढा दिया है। अघोषित बिजली कटौती से न सिर्फ व्यापारी, बल्कि छात्र और गृहणियां भी काफी परेशान हैं। रमजान के महीना होने के चलते रोजेदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने डाक बंगले पर विधायक से मुलाकात की। तहसील अध्यक्ष अनिल मोदनवाल ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती से जनता त्रस्त है और इसके जल्द समाधान की जरूरत है। वहीं, इस मौके पर नगर अध्यक्ष रविकांत जायसवाल ने मुख्यमार्ग पर सड़क पर लगे बिजली के खंभों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण के बाद इन खंभों को हटाया जाना था लेकिन बिजली विभाग सो रहा है। इसके चलते लगातार नगर में जाम की स्थिति रहती है।



















