जौनपुर : अवैध कब्जे की जमीन पर बना पूर्व प्रमुख का दो मंजिला स्कूल ध्वस्त
सिकरारा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
विकास खण्ड के मीरगंज गांव स्थित जौनपुर प्रयागराज हाईवे पर बंजर जमीन पर पकड़ी ब्लॉक चौराहे पर अवैध ढंग से बनाए गए पूर्व प्रमुख समर नाथ के इंटर कालेज की बिल्डिंग पर शनिवार को दोपहर बाद बुल्डोजर से ध्वस्तीकरण शुरू हुआ तो वहां भारी भीड़ जुट गई। इससे पहले कालेज की दो मंजिला बिल्डिंग की बाउंड्री हाईवे चौड़ीकरण में गिरा दी गई थी।

अमरनाथ राष्ट्रीय बौद्ध उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक व सिकरारा के पूर्व प्रमुख समर नाथ यादव द्वारा संचालित उक्त संस्था की शिक्षा विभाग द्वारा कक्षा आठ तक की मान्यता दी गई है, जबकि इंटर तक की कक्षाएं चलाई जा रही थी। शनिवार को दोपहर बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल के साथ थानाध्यक्ष बक्शा ओम नारायण व सिकरारा के विवेक तिवारी की मौजूदगी में बुलडोजर द्वारा ध्वस्तीकरण शुरू हुआ तो उधर से गुजरने वाले हर राहगीर कुछ समय रुक कर मामले की जानकारी करके ही आगे बढ़ते दिखाई दिए। लगभग दो घंटे की कार्रवाई में उक्त विद्यालय के भवन का दो तिहाई हिस्सा ध्वस्त किया गया।

















