जौनपुर : असलहे से आतंकित कर बदमाशों ने लूटा नकदी व मोबाइल
केराकत। विनोद कुमार तहलका 24×7 क्षेत्र अंतर्गत अकबरपुर गांव में रविवार की रात बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने असलहे से आतंकित कर दो युवकों से मोबाइल फोन व नकदी रुपये लूट लिए। भुक्तभोगियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस छानबीन में जुटी।
सरकी गांव निवासी मनोज कुमार व सुनील यादव चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में तिलकोत्सव में शामिल होकर बाइक से लौट रहे थे। रात्रि करीब 11 बजे अकबरपुर नदौली मोड़ के पास घात लगाए खड़े बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक रोक ली। अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी देकर दोनों के मोबाइल फोन व पर्स छीन लिए। दोनों की तलाशी भी ली। इसके बाद बदमाश केराकत की तरफ भाग गए। पुलिस ने हुलिया आदि पूछने के बाद बदमाशों की तलाश में भागदौड़ की, किंतु वे हाथ नहीं लगे। भुक्तभोगियों के अनुसार दोनों मोबाइल फोन की कीमत करीब 30 हजार रुपये थी, जबकि दोनों के पर्स में 4100 रुपये थे। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।