जौनपुर : आतिशबाजी से झुलसे भाई को देखने के बहाने दुल्हा मंडप से भागा
# घरातियों ने दूल्हा के पिता और बारातियो को बनाया बंधक
खुटहन। संतलाल सोनी तहलका 24×7 क्षेत्र अंतर्गत हैदरपुर गांव में शनिवार की शाम आयी बारात का आवभगत के बाद पूरे हर्षोल्लास से जयमाल का कार्यक्रम संपन्न कराया गया। मंडप में शादी की बैठक शूरू हो गई। पुरोहितो ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह प्रारंभ कराया। सिंदूरदान के दौरान आतिशबाजी में दूल्हे के छोटे भाई की हथेली गंभीर रूप से झुलस गयी। आनन फानन में उसे उपचार के लिए खुटहन लाया गया। जहाँ हालत गंभीर देख उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया गया। इधर मौका पाकर दूल्हा भी उसे देखने के बहाने बाइक से फरार हो गया। कुछ देर बाद उसकी तलाश शुरू हुई तो कुछ पता ही नही चल सका।
घरातियो ने दूल्हे के पिता सहित दर्जन भर बारातियो को बंधक बना लिया। खबर लिखे जाने तक दूल्हे का कुछ पता नहीं चल सका है। उक्त गाँव निवासी घनश्याम प्रजापति अपनी पुत्री का विवाह इसी थाना क्षेत्र के मोबारकपुर गाँव निवासी प्यारेलाल के पुत्र पंकज के साथ तय किया था। शनिवार की शाम गाजे बाजे के साथ बारात घनश्याम के घर पहुंची। पूरे हर्षोल्लास से आवभगत के बाद विवाह की रश्म शुरू हुई। महिलाएं मंगलगीत गाने लगी। सिंदूरदान होते ही दूल्हे का छोटा भाई विशाल प्रजापति आतिशबाजी करने लगा। अचानक पटाखा उसकी हथेली में ही फट गया। जिससे उसकी दोनों हथेलिया झुलस गयी। दो मिनट में ही सारी खुशियां काफूर हो गयी।
कन्या के पिता घनश्याम उसे बाइक से सीएचसी ले आये। जहाँ हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया। दूल्हा पक्ष के लोग उसे लेकर जिला मुख्यालय चले गए। घनश्याम वापस घर लौट आये। इधर दूल्हा भी भाई को देखने के बहाने बाइक से निकल गया। सुबह काफी देर तक वह नहीं लौटा तो दोनों पक्ष खोजबीन करने लगे। वह घायल भाई के पास भी नहीं पहुंचा था। बिदाई का समय भी बीत गया। तब कन्या पक्ष को आशंका होने लगी कि कही दूल्हा बिदाई कराना ही नहीं चाह रहा हो। जिसके चलते फरार हो गया। फिर क्या था गांव के दर्जनो लोग जुटकर दूल्हा के पिता, बाराती और आधा दर्जन वाहनो को रोक लिये। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। दोपहर में ग्राम प्रधान को बुलाकर लेन देन का हिसाब लगाया जा रहा था। खबर लिखे जाने तक मामले का कोई समाधान नहीं निकल पाया है।