जौनपुर : एकरूपता नहीं समरसता की जरूरत है देश को- राज्यपाल
शाहगंज।
एख़लाक खान
तहलका 24×7
केरल के राज्यपाल महामहिम आरिफ मोहम्मद खान मंगलवार को अपने सहपाठी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता जेड के फैजान से मिलने उनके आवास ढंडवारा गांव में पहुंचे। जहां पांच घंटे साथ रहकर लोगों से मुलाकात की। राज्यपाल बदलापुर महोत्सव में शामिल होने के उपरांत निजी सम्बंधों का निर्वहन करने के लिए पहुंचे थे। लोगों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

घर पर प्रेस प्रतिनिधियों से मुखातिब महामहिम ने सामाजिक सरोकारों, शिक्षा और देश के हालात पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जाति और मजहब की खाई देश में 75 साल पहले से ही है। जिसका कारण रहा कि मुल्क दो टुकड़ों में बंट गया। बावजूद इसके मुल्क में रहने वाले आज भी एकता पसंद लोग हैं यदि ऐसा न होता तो इमर्जेंसी के बाद बिगड़े हालात में हुए चुनाव में कानपुर जैसे शहर से मुझे पार्लियामेंट न भेजा गया होता।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का अभाव ही देश की सबसे बड़ी समस्या है। कहा हमारी तहज़ीब चार हजार साल से अधिक पुरानी है। अनेकता और विविधता का देश है। उन्होंने कहा एकता और समरसता का देश है, हर नागरिक इस बात का ध्यान रखते हुए देश की तरक्की और खुशहाली में अपना योगदान दे तो हमें विश्व गुरु बनने में कोई समय नहीं लगेगा।

बताते चलें कि महामहिम का उक्त गांव में तीसरी बार आगमन हुआ। इसके पूर्व वर्ष 1971 में और 2019 में भी वो अधिवक्ता जेड के फैजान के घर आ चुके हैं। दोनों अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में सहपाठी रहे हैं। इस मौके पर मसलहुद्दीन खान, डॉ. तबरेज आलम, डाॅ. शर्फुद्दीन आजमी, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. नैयर आजम, परवेज आलम भुट्टो, मो. अजमल, साजिद आजमी, डॉ. ए रहमान, मो. शाहिद नईम, अनवर अहमद, शादाब अहमद आदि रहे।

















