NEET-UG आंदोलन पर बिहार सरकार का बड़ा फैसला, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे होंगे वापस
# 26 जुलाई शाम 6 बजे से पहले के मामलों में गिरफ्तारी, एफआईआर और कानूनी कार्रवाई वापस लेने का ऐलान
पटना।
तहलका 24×7
NEET-UG परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच बिहार सरकार ने प्रदर्शनकारियों को बड़ी राहत देने की घोषणा की है।गृह विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 26 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से पहले राज्य में हुए विरोध-प्रदर्शनों में शामिल लोगों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरु की जाएगी।

सरकार के अनुसार,26 जुलाई शाम 6 बजे से पहले हुए प्रदर्शन में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई दंडात्मक,प्रतिशोधात्मक या प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस अवधि में दर्ज सभी प्राथमिकी,परिवाद और कारण बताओ नोटिस वापस लेने के लिए विधिक प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाएगी।साथ ही इन मामलों में गिरफ्तार या निरुद्ध किए गए सभी व्यक्तियों को शीघ्र रिहा किया जाएगा।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि 26 जुलाई शाम 6 बजे से पहले दर्ज मामलों में नामजद व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी कोई प्रत्यक्ष या परोक्ष कार्रवाई नहीं की जाएगी।बिहार सरकार ने यह निर्णय NEET-UG परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में चल रहे आंदोलनों तथा परीक्षा व्यवस्था और उच्च शिक्षा में जवाबदेही एवं सुधार की मांगों के मद्देनजर लिया है। सरकार के इस फैसले को आंदोलनकारियों के लिए बड़ी राहत और तनाव कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















