199 एकल अभिभावक परिवारों के बच्चों को मिली आधुनिक शिक्षा की नई सौगात
# कुटुंब समाजोत्थान एवं पुनर्वास संस्थान में पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास का उद्घाटन
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कुटुंब समाजोत्थान एवं पुनर्वास संस्थान ने मंगलवार को चुरापुर बाबतपुर स्थित कुटुंब ग्राम में”कुटुंब किताब” छात्रवृत्ति कार्यक्रम के तहत एम3एम फाउंडेशन के सहयोग से विकसित आधुनिक पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह प्रबंधक,श्री युगल बिहारी इंटर कॉलेज ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन के बाद अतिथियों ने पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया तथा संस्थान द्वारा ग्रामीण एवं आर्थिक रुप से कमजोर बच्चों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक संसाधनों तक सभी बच्चों की पहुंच सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।संस्थान के अनुसार,”कुटुंब किताब”छात्रवृत्ति कार्यक्रम के माध्यम से वर्तमान में 199 एकल अभिभावक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा,छात्रवृत्ति,शैक्षणिक सामग्री, कंप्यूटर शिक्षा,खेल,संगीत,कला,व्यक्तित्व विकास तथा जीवन कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नव विकसित पुस्तकालय एवं स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को अब डिजिटल शिक्षण प्रणाली,समृद्ध पुस्तक संग्रह,ई-लर्निंग संसाधन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। संस्थान के सचिव डॉ.आशीष सिंह ने कहा कि शिक्षा केवल विद्यालय तक सीमित नहीं होती,बल्कि बच्चों को सीखने के लिए प्रेरक वातावरण,आधुनिक संसाधन और समान अवसर उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है।उन्होंने एम3एम फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा,कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के क्षेत्र में जनसहयोग के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के बच्चों तक बेहतर अवसर पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।


















