जौनपुर: “एक शाम आजादी के गुमनाम वीरांगनाओं के नाम”
# सखी वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा स्वतंत्रता के 75 वर्ष में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में देर शाम नगर के उत्सव मोटल में ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों के आत्मविकास हेतु “एक शाम आजादी की गुमनाम वीरांगनाओं के नाम” विषयक “अभिव्यक्ति सीजन 2 समारोह” का आयोजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष माया टंडन, विशिष्ट अतिथिगण डॉ ज्योति सिन्हा, सुनैना पाठक लेखिका, महिला कल्याण अधिकारी नीता वर्मा, डॉ नंदिनी पांडेय, डॉ सुनीता गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने अभिव्यक्ति सीजन 2 समारोह के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि प्रतियोगिता के प्रथम चरण द्वारा हमारा प्रयास भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की अनेक गुमनाम वीरांगनाओं की शौर्य गाथा एवं पराक्रम पूर्ण इतिहास से परिचित करा कर समाज को नए भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है तथा द्वितीय चरण में ग्रामीण क्षेत्र की युवतियों के आत्मविश्वास हेतु भारतीय वेशभूषा में स्वयं के व्यक्तित्व का प्रदर्शन करना है।
इस अवसर पर डॉ ज्योति सिन्हा ने कहा कि स्त्री शक्ति को जागरूक करने के लिए उनकी समस्याओं से उन्हें उबारने के लिए नई सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए सखी वेलफेयर फाउंडेशन सराहनीय कार्य कर रही है। अभिव्यक्ति सीजन 2 समारोह में काशी हिंदू विश्वविद्यालय की छात्राओं शिवानी मिश्रा, सैरी ग्लोरिया और शुभांगी सिंह ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। शुभ मंगलम डांस क्लासेज एवं श्री आरके साहू जू. हाईस्कूल चौकियां के बच्चों ने समूह नृत्य द्वारा नारी सशक्तिकरण विषयक प्रस्तुति से कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल ने तारा रानी श्रीवास्तव की भूमिका में रत्ना सिंह राजपूत, ग्राम भकुरा को अभी अभिव्यक्ति सीजन 2 का विजेता घोषित किया। झलकारी बाई बनी रामपुर की खुशी मिश्रा फर्स्ट रनर अप तथा रानी वेलु नचियार की भूमिका निभाने वाली देवकली, करंजकला की उजाला बौद्ध सेकंड रनर अप रही।





















