जौनपुर : करोड़ों की भूमि कब्जा करने के लिए सरकारी जमीन पर खोले स्कूल
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सरकार के आदेश और प्रशासन की सख्ती के बाद भी जनपद में भू-माफिया सक्रिय हैं। इनमें कई तो ऐसे हैं, जिन्होंने करोड़ों की जमीन पर कब्जा कर स्कूल खोल लिया है। हालांकि प्रशासन अब भू-माफियाओं को चिह्नित करने के साथ कार्रवाई भी कर रहा है।

जनपद में कई भू-माफियाओं ने सरकारी भूमि पर कब्जा करने के बाद कूटरचित दस्तावेज के जरिये नाम दर्ज कराकर स्कूल खोल लिया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कुछ मामले उप जिलाधिकारी सदर की कोर्ट में लंबित है। यहां से दो मामलों में आदेश भी हो गया। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई भी शुरू कर दी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल ने बताया कि तीन दिन में दो ऐसे स्कूल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस तरह की कई शिकायतें मिली है। जांच की जा रही है, कार्रवाई जारी रहेगी।

# जमीन कब्जा कर चला रहा था स्कूल
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रंजीतपुर में 28 करोड़ की भूमि पर एक शख्स ने कब्जा कर लिया था। यह जमीन रामदयालगंज जूनियर हाई स्कूल के नाम से दर्ज थी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि शिकायत मिलने पर जांच कराई गई। इसमें सामने आया कि पूर्व में यह सरकारी भूमि के रूप दर्ज थी। इस पर फर्जी तरीके से नाम चढ़वा लिया गया था। इसे धारा 38 के अंतर्गत उप जिलाधिकारी न्यायालय सदर के आदेश पर सरकार के खाते में दर्ज किया गया। 21 बीघे भूमि का भविष्य में सार्वजनिक हित में उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही गांव में ही स्थित तालाब और नवीन परती खाते की 3 एकड़ भूमि भी कब्जा मुक्त कराई गई। इस पर तालाब और पानी की टंकी का निर्माण किया जाएगा
















