जौनपुर : कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान, 25 वाहनों का कटा चालान
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 पवित्र सावन मास में चल रही कांवड़ यात्रा को लेकर सतर्क शाहगंज पुलिस ने सीओ अंकित कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को कस्बे में पैदल मार्च किया। इस बीच तलाशी अभियान भी चलाया गया और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान 25 वाहनों का चालान हुआ। अचानक हुई कार्रवाई से बाइक सवारों में हड़कंप मच गया।
गुरुवार की शाम क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार और प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या भारी संख्या में जवानों के साथ पैदल मार्च के लिए निकले और मुख्य मार्ग समेत कस्बे के कई इलाकों का दौरा किया। बीच बीच में दोपहिया वाहनों की जांच भी ली गई और 25 वाहनों का चालान कटा। क्षेत्राधिकारी अंकित कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी तरह की अनहोनी को टाला जा सके।
उन्होंने आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने और विषम परिस्थितियों में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार आर्या ने कहा कि लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बहाली के मकसद से यह मार्च निकाला गया। जवान ट्रैफिक पर विशेष ध्यान दे रहे हैं ताकि कांवड़ियों को असुविधा न हो और किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।