जौनपुर : जन चौपाल में एसडीएम ने सुनी आमजन की समस्याएं
चंदवक।
विनोद कुमार
तहलका 24×7
क्षेत्र अंतर्गत बीरीबारी गांव स्थित अटल मनरेगा पार्क में बुधवार की दोपहर में जिला विकास अधिकारी बी.बी. सिंह की अध्यक्षता में जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मुख्य अतिथि के रूप पहुंचे उपजिलाधिकारी माज अख्तर ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई वहीं लोगों की समस्याओं को भी सुनकर निराकरण का प्रयास किया गया।कृषि विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए जिला कृषि अधिकारी के के सिंह ने बताया कि जिन किसानों को किसान सम्मान निधि नहीं मिल पाई है।

वे पोर्टल पर जाकर त्रुटियों को सही करा लें। बताया कि राजकीय बीज गोदाम पर बीज उपलब्ध है वहां से अनुदान पर बीज प्राप्त कर लें। स्वयं सहायता समूहों का आय बढ़ाने का उपाय बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि समूह से जुड़े लोग जूट के झोले, मिट्टी के बर्तन सहित लोगों के दैनिक उपयोग की वस्तुएं बनाकर आय बढ़ा सकते हैं। उपायुक्त मनरेगा ने मनरेगा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी। कृषि विभाग सहित अन्य विभागों ने स्टाल भी लगाया था। इस अवसर पर जिला प्रवर्तन अधिकारी नेहा यादव, डिप्टी सीएमओ डॉ. तपेश कुमार, बीडीओ डॉ. छोटेलाल तिवारी, डॉ. प्रिंस मोदी, प्रधान आलोक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


















