जौनपुर : जलजमाव से आजिज आकर लोगों ने किया नगर पालिका का घेराव
मुंगरा बादशाहपुर। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 नाली का गंदा पानी सड़क पर जमने और हल्की बारिश होते ही घरों में गंदा पानी घुसने की समस्या से परेशान गजराजगंज मोहल्ले के पटेल बस्ती में रहने वाले लोगों ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय का घेराव किया। मुख्य गेट को बंद कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलित लोगों ने कहा कि जल निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं होने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों का डर बना हुआ है। चार दिन के भीतर समस्याओं का हल न होने पर मुख्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मेन रोड से लेकर पटेल बस्ती में करीब 400 मीटर तक की सड़क पर जगह-जगह महीनों से जल भराव है। जल निकासी न होने से घरों में गंदा पानी घुस रहा है। सड़क के किनारे नाले का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर लगातार बह रहा है। डेंगू, मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियां फैल रही हैं। यहां कई लोग बीमार हो चुके हैं।
आरोप लगाया कि कई बार पालिका प्रशासन से लिखित व मौखिक शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन पर वार्ड की अनदेखी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी किया। प्रदर्शन करने वालों में लल्लू पटेल, कृपाशंकर, वीरेंद्र, साहब लाल, सूरज यादव, अनिल जायसवाल, सियाराम, राजाराम, रामअधार, अभिषेक पटेल, घनश्याम, सोमनाथ आदि शामिल थे।
उधर इस संबंध में पालिकाध्यक्ष शिव गोविंद साहू ने कहा कि अत्यधिक बारिश के कारण जलभराव हुआ है। उपेक्षा का आरोप गलत है, जो भी समस्याएं हैं, उसे दूर कराया जाएगा।