जौनपुर : जीपीएस बताएगा कहां लगा है जाम, टीम भेजकर कराएंगे समाधान

जौनपुर : जीपीएस बताएगा कहां लगा है जाम, टीम भेजकर कराएंगे समाधान

जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
                   शहर के पालीटेक्निक चौराहे के पास चारों तरफ आने वाले वाहनों की वजह से लगने वाला जाम हो या फिर मुख्य बाजार में किसी वाहन के खराब होने से वन-वे होने वाले रास्ते का मामला। पुलिस विभाग चंद मिनटों में ही यातायात पुलिस के जवानों को भेजकर समाधान कराएगी। इसके लिए जीपीएस प्रणाली की मदद ली जाएगी। मुख्य सचिव प्रशासनिक सुधार के रविंद्र नायक के निर्देश के बाद पुलिस ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।
करीब 55 लाख की आबादी वाले जनपद में तीन नगर पालिका और नौ नगर पंचायत हैं। ग्रामीण इलाके कुछ जगहों की आबादी सघन है। ऐसे में यहां अक्सर जाम लगता है। सबसे बदहाल स्थिति जौनपुर शहर की है। मछलीशहर पड़ाव मार्ग हो या फिर अमरावती चौराहा, मुख्य बाजार, पालीटेक्निक चौक हर जगह रोज जाम लगता है। कभी एंबुलेंस फंसती है तो कभी स्कूली बच्चे जाम के कारण परेशान रहते हैं। त्योहारों पर जब खरीदारी के लिए बाजार में लोग पहुंचते हैं तो भी जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
इस समस्या का समाधान करने के लिए यातायात पुलिस गूगल मैप का सहारा लेगी। पुलिस लाइन में बनने वाले कंट्रोल रूम से वहां तैनात कर्मी स्थिति पर नजर रखेंगे। वहां से जाम की स्थिति देखकर संबंधित क्षेत्र के बीट आरक्षी, मुख्य आरक्षी, एसआई या थाना प्रभारी को सूचित करेंगे। उसके बाद तत्काल टीम जाएगी और जाम हटाया जाएगा। गूगल मैप लाइव ट्रैफिक का इस्तेमाल करके जीपीएस के सहारे जाम का पता लगाया जाएगा और जैसे ही कहीं जाम की जानकारी होगी तुरंत यातायात पुलिस को भेज कर उसे समाप्त कराया जाएगा।
मैप पर अत्यधिक यानी जाम की स्थिति में रेड, कम ट्रैफिक हो तो ऑरेंज और ग्रे रंग दिखेगा। इस संदर्भ में एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि शहर के साथ ही जिले के अन्य शहरों की यातायात व्यवस्था को बेहत बनाने के लिए गूगल मैप का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी करने और उसी के अनुसार काम करने की रणनीति पर काम हो रहा है।
Previous articleजौनपुर : चाकूबाजी के दोनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Next articleजौनपुर : तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने तीन लोगों को रौंदा
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?