जौनपुर : तीन दिन से गायब युवती का कुएं में मिला शव, हत्या की आशंका
सुजानगंज।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के नगौली गांव में घर से घास काटने के लिए निकली युवती का तीसरे दिन महज तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित कुंऐ में शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने थाने में तहरीर देकर हत्या की आशंका जतायी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोप के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया।

नगौली निवासी लालजी पटेल की पुत्री काजल (19) शुक्रवार को घर से सुबह के समय घास काटने के लिए निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। खेत की तरफ जाकर देखे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। शाम तक वापस न आने पर रिश्तेदारी व गांव के लोगों से पूछ कर खोजबीन की गई। थककर शनिवार को इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसी बीच रविवार की सुबह कुछ ग्रामीणों ने कुएं में शव देखकर परिवार के लोगों को बताया। परिजनों के सामने ही ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी गई। परिवार के लोगों ने कहा कि वह दो दिन से गायब थी।

















