जौनपुर : दो सिर और आठ पैर वाला बच्चा बना कौतुहल का विषय..
खुटहन। संतलाल सोनी तहलका 24×7 क्षेत्र अंतर्गत बड़नपुर गांव शनिवार को कौतुहल का केन्द्र रहा। आपरेशन के द्वारा भैंस के गर्भ से मृत निकाला गया दो मुंह आठ पैर वाला बच्चा लोगों के लिए कौतुहल का विषय बना रहा। लोग ईश्वर की रचना पर चर्चा करते दिखे।
बताते हैं कि खुटहन क्षेत्र के बड़नपुर निवासी संतशरण यादव की भैंस प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। जिस पर पशुपालक सीमेन चढ़ाने वाले बैफ कर्मी प्रमोद को बुलवाया। जब वह अपने सहयोगियों समेत गर्भ कराने मे असमर्थ रहा तो इसकी सूचना राजकीय पशु चिकित्सालय अढ़नपुर में तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर आलोक सिंह पालीवाल को दी गई।
चिकित्सक ने जांच के दौरान गर्भस्थ बच्चे के मृत होने की आशंका जताते हुए आपरेशन आवश्यक बताया। पशुपालक के आग्रह पर चिकित्सक ने आपरेशन कर भैंस के गर्भ मे मृत अवस्था में पड़े बच्चे को बाहर निकाला। दो मुंह आठ पैर वाला बच्चा लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया। देखते ही देखते ऐसे बच्चे को देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। आपरेशन कर निकाले गए बच्चे को देख लोग आश्चर्यचकित रह गए। इधर भैंस को स्वस्थ देख पशुपालक ने पशुचिकित्सक के प्रति आभार जताया।