जौनपुर : नौ सितंबर को आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शुरू हुई तैयारी
करंजाकला। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ नौ सितंबर को जिले में आएंगे। इसको लेकर मंगलवार को दिन भर जिला प्रशासन में गहमागहमी का माहौल रहा। दिन भर उनके आगमन के लिहाज से तैयारियां की जाती रहीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के साथ बैठक करके निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी, सीडीओ सीलम साईं तेजा एवं अन्य पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी मंगलवार को अचानक पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में पहुंचे। सबसे पहले हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किए। इसके बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम के मैदान में निरीक्षण किए और हेलीपैड स्थल बनाने को लेकर चर्चा की गई। सभी अधिकारी निर्माणाधीन उमानाथ सिंह स्वशासी राजकीय महाविद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रधनाचार्य प्रो. शिवकुमार के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि जो भी तैयारी है उसे पूर्ण रखा जाए।
# मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर टूटी सड़कों की मरम्मत शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संभावित कार्यक्रम नौ सितंबर को है। इसको लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। जौनपुर- शाहगंज मार्ग पर कई वर्षों से बने गड्ढों में कई लोग घायल हो चुके हैं लेकिन सड़क नहीं बनी। मुख्यमंत्री के दौरे की सूचना मिलने के बाद सड़क की भी मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई। एक अधिकारी को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का विस्तृत विवरण नहीं जारी हुआ है। माना जा रहा है कि वे मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण और अधिकारियों के साथ बैठक कर सकते हैं।