जौनपुर : प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बक्शा। दीपक श्रीवास्तव तहलका 24×7 नौपेड़वा बाजार में सेवानिवृत्त एएनएम के आवास पर प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो गई। सोमवार की शाम परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मृतका की सास ने सेवानिवृत्त एएनएम के खिलाफ तहरीर दी है।
ब्राह्मणपुर बरखंडी गांव निवासी संतोष निषाद की पत्नी संगीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर नौपेड़वा गल्लामंडी में सेवानिवृत्त एएनएम शांति सिंह के घर ले जाया गया। शांति घर पर ही प्रसव कराती हैं। संगीता की सास गीता देवी ने तहरीर में आरोप लगाया है कि संगीता का जबरन प्रसव कराया गया। प्रसव से पूर्व दस हजार रुपये भी लिए। पुत्र का जन्म हुआ। कुछ घंटे के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। वहां से दूसरे अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां मौत हो गई। घटना के बाद नाराज परिजन शव को लेकर थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी