जौनपुर : यातायात नियमों की जागरूकता के लिए निकली गई रैली
# फरीदुल हक़ कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने किया आम जनमानस को जागरूक
शाहगंज।
रवि शंकर वर्मा
तहलका 24×7
आम जनमानस को सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को विद्यार्थियों का हुजूम सड़कों पर उतरा। सबरहद स्थित फरीदुल हक मेमोरियल पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने लोगों से सड़क यातायात के नियमों का पालन करने की अपील की।रविवार को छुट्टी के बावजूद विद्यार्थी राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत जागरूकता रैली में भाग लेने कॉलेज पहुंचे।

यहां प्राचार्य डॉ तबरेज आलम ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल विद्यार्थियों के हाथों में तख्तियां थीं, जिनमें हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने, तीन सवारी नहीं बैठाने और वाहन की गति सीमित रखने जैसे संदेश लिखे हुए थे। रैली इमरानगंज बाजार और सबरहद गांव होते हुए वापस कॉलेज परिसर में सम्पन्न हुई। यहां प्राचार्य ने कहा कि अनियंत्रित गति और नियमों के प्रति लापरवाह रवैए की वजह से सड़क दुर्घटनाएं बेतहाशा बढ़ी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमों का पालन करने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलवाया।


















