जौनपुर : शादी करने का दबाव बनाने के चलते प्रेमी ने की थी महिला की हत्या
# 25 सितंबर को सवंसा में मिले महिला के अधजले शव का पुलिस ने किया खुलासा
# हत्यारे प्रेमी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कार बरामद
बक्शा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
जौनपुर-लखनऊ हाई-वे के किनारे सवंसा भैरोपुर में 25 सितंबर को सड़क के किनारे मिले एक महिला के शव मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। बताया कि महिला की हत्या करके उसके प्रेमी व उसके साथियों ने ही शव को जलाया था। किसी को पता नहीं चले इसलिए बक्शा थाना क्षेत्र में फेंक दिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एसपी सिंह ने घटना का खुलासा किया। बताया कि शव मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मिले सिमकार्ड के आधार पर महिला के बारे में जानकारी मिली थी। पता चला कि सुल्तानपुर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला का मायका फैजाबाद था। वह 24 सितंबर को अपने मायके के लिए निकली थी। रास्ते में ही प्रेमी नूर मोहम्मद उर्फ सानू के साथ कहीं घुमने के लिए निकल गई। रास्ते में नूर मोहम्मद ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सवंसा के पास हाइवे के किनारे लाकर फेंक दिया।

















