जौनपुर : सपा प्रत्याशी अरशद खान ने लगाई भाजपा के वोट बैंक में सेंध
# योगी-मोदी से नहीं है कोई दिक्कत, सदर प्रत्याशी से है खुन्नस
# दशकों से जनसंघ में रहे नाराज भाजपाइयों को मिलाया अपने खेमे में..
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका24×7
सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी गिरीश चंद यादव के समक्ष कठिनाइयां बढ़ती जा रही हैं अभी तक उनके चुनाव की राह में कोई कांटे नहीं थे लेकिन कांग्रेस पार्टी से पूर्व विधायक नदीम जावेद, समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक अरशद खान तो वहीं बसपा से सलीम खान के चुनाव मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बिगड़ने लगे हैं जैसे जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही वैसे वैसे चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों ने मैदान में बाजी मारने के लिए हर तरह के हथकंडे अपनाना शुरू कर दिया है।

मंगलवार को सबसे बड़ी बाजी मारी है सदर सीट से चुनाव लड़ रहे सपा प्रत्याशी मो अरशद खान ने… उन्होने भाजपा के वोट बैंक में जबरदस्त सेंधमारी किया है। अरशद खान ने बीजेपी के खाटी कार्यकर्ताओं व अपने अपने गांव के कई बार प्रधान रहे कई लोगों को अपने खेमे में शामिल कर लिया है। यह खबर मिलते ही भारतीय जनता पार्टी में हड़कंप मच गया है। भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने वालो को मोदी-योगी से कोई बैर नहीं बल्कि बीजेपी प्रत्याशी से खुन्नस है। सदर विधानसभा सीट पर भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा, राष्ट्रवादी विकास पार्टी समेत दो दर्जन प्रत्याशी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे है। सभी उम्मीदवार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जमकर खून पसीना बहा रहे है। कड़ी मेहनत के अलावा राजनीतिक दलों के लोग एक दूसरे के वोट बैंको में सेंधमारी भी कर रहे है।

मंगलवार को समाजवादी पार्टी को एक बड़ी बाजी हाथ लगी है। भाजपा सदर प्रत्याशी से नाराज चल रहे सरायख्वाजा गांव के पूर्व प्रधान शैलेश कुमार सिंह उर्फ बल्लर, खलीलपुर के पूर्व प्रधान अरविन्द कुमार सिंह, बरगांव के अरूण कुमार मिश्रा, समदहां के विष्णु मिश्रा, उग्रसेन सिंह, राजू गुप्ता, सुजीत गुप्ता, महातीम विश्वकर्मा, विनोद कुमार यादव, सुबास यादव, लाल साहब यादव समेत दो दर्जन से अधिक लोगो ने भाजपा का दामन छोड़कर सपा का दामन थाम लिया।

















