जौनपुर : समाज के सबसे समर्पित मित्र होते हैं सफाईकर्मी- प्रदीप गिरी
# नगर पालिका में किया गया सफाईकर्मी सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन
शाहगंज। एख़लाक खान तहलका 24×7 नगर पालिका परिसर में रविवार को सफाई कर्मी सुरक्षा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस मौके पर सफाई कर्मियों को समाज के प्रति उनकी सेवा के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया साथ ही उन्हें अपने बचाव के लिए सुरक्षा उपकरण भी दिए गए। इसे मौके पर अधिशासी अधिकारी ने सफाई कर्मियों को समाज का सबसे समर्पित मित्र बताया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने 9 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि दिवस के मौके पर सफाई कर्मियों को सम्मानित करने और उन्हें सुरक्षा किट वितरित करने का आदेश दिया था। शाहगंज नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी प्रदीप गिरी ने बताया कि शासन के निर्देश पर रविवार को नगर पालिका से जुड़े सभी सफाई कर्मियों को सम्मानित करने के लिए समारोह आयोजित किया गया। सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिया गया और हेलमेट, जैकेट आदि सुरक्षा उपकरण भी दिए गए।
अधिशासी अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ भारत की अवधारणा को साकार करने के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी सफाई कर्मी ही हैं। उन्होंने कहा कि रोज सुबह से रात तक निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा करने वाले इन सफाई मित्रों के योगदान को कम नहीं आंका जा सकता। उन्होंने कहा कि वास्तव में सफाई कर्मी इस समाज के सबसे समर्पित मित्र हैं। हम सभी को चाहिए कि उनका सम्मान करें और उन्हें तवज्जो दें ताकि उनमें उत्साह का संचार हो सके। कार्यक्रम में लिपिक श्रीराम शुक्ला और दर्जनों सफाईकर्मियों के साथ नगर पालिका कर्मी आदि मौजूद रहे।