जौनपुर : ससुराल आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
क्षेत्र के मनेछा गांव में दो दिन पहले ससुराल आए एक युवक की गुरुवार की रात्रि संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के गांव से आए लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच नगर पंचायत माहुल निवासी 32 वर्षीय अशोक बिंद पुत्र सुरेश बिंद दो दिन पहले अपने ससुराल मनेछा गांव केशव बिंद के यहां आया था। घर वाले गांव में हो रहे रामलीला देखने गए थे। ससुराल वालों के अनुसार अर्द्ध रात्रि के बाद रामलीला खत्म होने पर घर पहुंचे तो घर के पास अशोक का शव एक पेड़ से लटकता मिला। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर फंदा काटकर शव को नीचे उतारा। सूचना पाकर सुबह होने तक मृतक के गांव से लोग मनेछा गांव पहुंचे। शव देख हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।

















